मेडिकल कालेज जम्मू के कार्यवाहक प्रिंसिपल डा. जाहिद गिलानी ने शनिवार को नोटिस जारी कर मेडिकल विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डा. शौकत चौधरी से इंडोस्कोपी मशीन पर जवाबतलब किया है। नोटिस में पूछा गया है कि सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में इसी मशीन को उनके कार्यकाल में छह माह बंद रखा गया, जबकि एक माह पूर्व इस मशीन को जीएमसी में शिफ्ट करने के बाद अब तक 142 इंडोस्कोपी की जा चुकी हैं, जिसमें कोई बड़ी मरम्मत की जरूरत भी नहीं पड़ी, लेकिन छह माह की अवधि में मशीन को सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में बेवजह क्यों बंद रखा गया।
डा. चौधरी को नोटिस से अगले तीन दिन में अपनी स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया है। जवाब न देने की सूरत में नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य मंत्री चौधरी लाल सिंह के निर्देश पर करीब एक माह पूर्व सुपर स्पेशलिटी से गेस्ट्रोलाजी विभाग को शिफ्ट करके जीएमसी के मेडिसन विभाग के अधीन कर दिया गया था। विभाग को शिफ्ट करने के साथ इंडोस्कोपी मशीन को भी जीएमसी में भेजा गया था। इंडोस्कोपी मशीन के कई माह बंद रहने से मरीजों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ी थीं।