संभाग के दूरवर्ती और शहरी इलाकों में गैरहाजिर चल रहे 29 डाक्टरों को स्वास्थ्य महकमे ने नोटिस जारी कर सात दिन में रिपोर्ट करने को कहा है। गत मार्च के अंत में इन डाक्टरों को स्थानांतरित और नई नियुक्ति की गई थी, लेकिन पिछले आधे माह से ज्यादा समय बाद भी इन डाक्टरों ने संबंधित ड्यूटी पर हाजिरी नहीं डाली है। इनमें बेहोशी, हड्डी, स्त्री, शिशु, फिजिशियन के सीनियर कंसलटेंट, कंसलटेंट, पीजी आदि डाक्टर शामिल हैं।
इस बीच हाल ही में किए गए 194 डाक्टरों के तबादलों के बाद ड्यूटी पर न पहुंचने से डाक्टरों की कमी बढ़ सकती है। सरकार ने आर्डर नंबर 88 से 93 एचएमई, 2015, 30-3-15 और 96 एचएमई,2015, 31-3-2015 को आर्डर कर दर्जनों डाक्टरों को इधर से उधर किया था। इनमें कुछ डाक्टरों ने संबंधित स्टेशनों पर रिपोर्ट किया, लेकिन अभी भी वरिष्ठ स्तर के डाक्टर ड्यूटी से गायब हैं।
स्वास्थ्य निदेशक जम्मू डा. बलजीत सिंह पठानिया के अनुसार लोगों की सहूलियत के लिए डाक्टरों की हाजिरी को सुनिश्चित बनाया जा रहा है। गैरहाजिर डाक्टरों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। जेएंडके सीएसआर वाल्यूम 1 के आर्टिकल 128 के तहत गैरहाजिर डाक्टरों को बर्खास्त भी किया जा सकता है।