आरएपीडीआरपी प्रोजेक्ट पर कार्य 31 मार्च, 2016 की समयावधि से भी आगे बढ़ने के आसार हैं। ऐसे में घंटों बिजली गुल रहने से फिलहाल राहत मिलने वाली नहीं है।
शुक्रवार को ग्रीन बेल्ट पार्क, हाउसिंग बोर्ड, पुलिस लाइंस, ग्रीन फील्ड स्कूल, फायर स्टेशन, गोल मार्केट, ओकाफ मार्केट, गांधीनगर अस्पताल, दशहरा ग्राउंड, अप्सरा रोड, नानक नगर गुरुद्वारा, क्रेजी मोड़, दुर्गा मंदिर, दूधाधारी मंदिर, शास्त्री नगर क्षेत्र आदि में सुबह नौ बजे से गुल हुई बिजली सायं पांच बजे के बाद ही बहाल हो पाई।
इसके अलावा कोहरे की वजह से भी बिजली ढांचा प्रभावित होने से घंटों बिजली गुल रह रही है। कड़ाके की ठंड के चलते ढांचे पर ओवरलोड भी बढ़ा है।
बिजली विभाग की ईएमएंडआरई डिवीजन जम्मू के चीफ इंजीनियर अश्विनी गुप्ता का कहना है कि आरएपीडीआरपी प्रोजेक्ट पर कार्य चल रहा है।
इस वजह से निर्माण एजेंसी इरकान इंटरनेशनल के आग्रह पर पावर शटडाउन शेड्यूल तैयार किया जाता है। उनका कहना है कि प्रोजेक्ट पर अभी काफी कार्य शेष पड़ा हुआ है।