उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह
- फोटो : फाइल, एएनआई
उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह ने चिनार कॉर्प्स के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों के साथ बुधवार को अमरनाथ यात्रा के लिए सेना की सुरक्षा व प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सेना की संरचनाओं और तैनात इकाइयों का दौरा किया। एक जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह दो दिवसीय यात्रा पर मंगलवार को कश्मीर पहुंचे।
सैन्य प्रवक्ता के अनुसार, लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह को अधिकारियों ने सैन्य टुकड़ियों की तैनाती के बारे में जानकारी दी और यात्रा के सुरक्षित और कुशल संचालन को सुनिश्चित करने के लिए नागरिक प्रशासन और अन्य सुरक्षाबलों के साथ निकट समन्वय के लिए किए गए उपायों के बारे में बताया।
सैन्य कमांडर ने सभी सुरक्षा एजेंसियों और राज्य सरकार के बीच तालमेल बनाए रखने की सराहना की। उन्होंने आगे दोहराया कि नई शामिल सीएपीएफ इकाइयों को सभी सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने सभी अपेक्षित व्यवस्थाओं के समन्वय के लिए सैनिकों के प्रयासों की सराहना की। सेना कमांडर ने सभी एजेंसियों के बीच एकीकृत दृष्टिकोण और सहभागिता की भावना की भी सराहना की, ताकि देश विरोधी तत्वों के किसी भी नापाक मंसूबे को नाकाम किया जा सके।
15 जून को भी लिया था सुरक्षा का जायजा
इससे पहले, 15 जून को सैन्य कमांडर ने एक महत्वपूर्ण सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की थी। उसमें सेना, पुलिस, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया था। बैठक के दौरान अमरनाथ यात्रा के सुचारू संचालन से संबंधित समन्वय के विस्तृत पहलुओं पर चर्चा हुई थी।