मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कुलगाम हमले के प्रति शोक जताते हुए कहा है कि यह राज्य के लिए दुर्भाग्य की बात है कि यहां पर राजनीतिक लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए इंसानों का खून बहाया जा रहा है। हिंसा से राजनीतिक लक्ष्यों को नहीं प्राप्त किया जा सकता है।
उप मुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह ने मीर बाजार में आंतकी हमले में तीन नागरिकों तथा एक पुलिसकर्मी के मारे जाने पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि हिंसा से कुछ हासिल होने वाला नहीं है। हमले में मारे गए पुलिसकर्मी तथा नागरिकों के साथ पूरी संवेदना है।
उधर, कुलगाम हमले में मारे गए पुलिस कर्मी महमूद शेख को रविवार को पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में श्रद्धांजलि दी गई। महमूद के परिवार में बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी तथा दो पुत्र (नौ साल व आठ महीने) हैं। इस दौरान डीआईजी दक्षिणी कश्मीर एसपी पाणि, एसपी कुलगाम श्रीधर पाटिल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।