विश्व हिंदू परिषद की प्रांत कार्यकर्ता बैठक में राम मंदिर बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसमें न्यायपालिका पर भरोसा जताकर 30 सितंबर तक राम मंदिर बनाए जाने के हक में फैसला आने का अनुमान जताया गया।
बरनाई के रामा इवेंट सेंटर में आयोजित दो दिवसीय बैठक में अंतरराष्ट्रीय महामंत्री विनायक राव ने कहा कि अब हम अधिक इंतजार नहीं कर सकते। अयोध्या में राम मंदिर को बनाए जाने को लेकर हिंदू बहुत इंतजार कर चुके हैं। अब फैसले की घड़ी आ गई है।
अगर 30 सितंबर तक कोर्ट या सरकार की ओर से कोई फैसला नहीं आता तो संत समाज इस काम को अपने तौर पर करेगा। इस वर्ष होने वाले कुंभ में संत समाज राम मंदिर को लेकर अपना फैसला लेगा। कार्यक्रम में परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष शक्ति दत्त शर्मा, प्रदेश मंत्री अभिषेक गुप्ता, प्रांत संघ चालक ब्रिगेडियर सुचेत सिंह आदि मौजूद रहे।
संवैधानिक तौर पर भी मान्य नहीं 35-ए : लीलाकरण
परिषद के प्रदेशाध्यक्ष लीला करण शर्मा ने कहा कि राज्य से अनुच्छेद 35 ए को हटा देना चाहिए। यह न सिर्फ महिला अधिकारों के विरुद्ध है, बल्कि संवैधानिक तौर पर भी मान्य नहीं है। इसको शेख मोहम्मद अब्दुल्ला और पंडित नेहरू ने अपनी दोस्ती को परवान चढ़ाने के लिए राष्ट्रपति के अध्यादेश द्वारा लाया था, न कि संसद की ओर से। इसलिए इसकी संवैधानिक वैधता नहीं है।