रियासी। वार्ड नंबर एक व तीन से गुजरकर नगर के प्रसिद्ध कालका माता मंदिर जाने वाले मुख्य मार्ग पर मिट्टी पत्थर रोड़ा वगैरह डाल कर गड्ढों को भरा जा चुका है, लेकिन अब तक मार्ग पर तारकोल नहीं बिछाया जा सका है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शायद बजरी डालने के बाद विभाग तारकोल बिछाना भूल गया है।
स्थानीय निवासी व नियमित मंदिर जाने वाले वनीत वर्मा, अशोक कुमार, रवि शर्मा, सतपाल शर्मा, अर्चना शर्मा व गौरव ने बताया कि मंदिर तक वाहन के जरिए जाने वाले रास्ते की स्थिति बीच में ठीक नहीं है। लोक निर्माण विभाग की तरफ से तारकोल बिछाने में देरी की जा रही है। अगर जोरदार बारिश हो जाती है तो बजरी व डाली गई मिट्टी बारिश की भेंट चढ़ सकता है। लोगों ने विभाग से मांग की है कि मार्ग के खस्ताहाल हिस्से पर जल्द तारकोल डाला जाए।