गणतंत्र दिवस पर साफ्ट टारगेट को निशाना बनाकर आतंकियों की ओर से तबाही मचाने के इनपुट मिलने के बाद राज्यपाल एनएन वोहरा ने अगले सप्ताह संयुक्त कमान की बैठक बुलाई है। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी।
राजभवन के आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार राज्यपाल ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए अगले सप्ताह के अंत तक संयुक्त कमान की बैठक बुलाने के निर्देश दिए हैं। बैठक में रियासत में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा की समीक्षा के साथ ही गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा इंतजामों की भी समीक्षा करेंगे।
सेना के 16 कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल केएच सिंह ने दो दिन पहले कहा था कि सेना को ऐसे इनपुट्स मिले हैं जिसमें आतंकी पेशावर जैसा हमला करने की फिराक है। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के भारत दौरे से पहले वे अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान आकृष्ट करने के लिए स्कूल, सैन्य ठिकाने, धार्मिक स्थलों या रिहायशी इलाके को निशाना बना सकते हैं।
हालांकि, सेना किसी भी प्रकार के आतंकी हमले को विफल करने के लिए पूरी तरह तैयार है। इसके साथ ही यमुना एक्सप्रेस-वे को भी निशाना बनाए जाने के इनपुट मिले हैं।