श्रीनगर। कश्मीर विश्वविद्यालय (केयू) ने विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा और खेल निदेशालय (डीपीईएस) द्वारा आयोजित खेल गतिविधियों की एक जीवंत शृंखला का मंगलवार को समापन किया। कई दिनों तक चले इन आयोजनों में अंतर-विभागीय साइकिल रेस, अंतर-विभागीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट (पुरुष) और अंतर-कर्मचारी टेबल टेनिस टूर्नामेंट शामिल थे।
अंतर-कर्मचारी टेबल टेनिस टूर्नामेंट में विभिन्न विभागों से 20 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में फार्मास्यूटिकल साइंसेज विभाग के प्रो. निसार अहमद खान ने जनरल प्रशासन के इनाम-उर-रऊफ मलिक को सीधे सेटों में हराकर खिताब जीता। अंतर-विभागीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट (पुरुष) में 22 विभागों ने 10 दिनों तक हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग और पर्यटन, आतिथ्य व अवकाश अध्ययन विभाग के बीच खेला गया, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग ने 3-1 सेटों से जीत हासिल की।
अंतर-विभागीय साइकिल रेस (पुरुष व महिला) निशात गार्डन से शुरू होकर रूमी गेट पर समाप्त हुई, जिसमें साइकिलिंग को एक टिकाऊ और स्वस्थ परिवहन विकल्प के रूप में प्रोत्साहित किया गया। साइकिल रेस में महिला वर्ग में हुर्राह शाह (लॉ विभाग) ने स्वर्ण, रशिया बशीर (डिपार्टमेंट ऑफ फिजिकल एजुकेशन) ने रजत और दिया मसूदी (डिपार्टमेंट ऑफ मैनेजमेंट स्ट्डीज) ने कांस्य पदक जीता।
पुरुष वर्ग में कुशनूर फारूक (उत्तरी परिसर) ने स्वर्ण,जहां जैब फारूक (उत्तरी परिसर) ने रजत और मीर रियाज उल राशिद (डिपार्टमेंट ऑफ मैनेजमेंट स्ट्डीज) ने कांस्य पदक जीता।
डीपीईएस अब अगस्त माह में होने वाले अंतर-महाविद्यालय एथलेटिक मीट (पुरुष व महिला) की तैयारी कर रहा है, जिसमें 30 से अधिक संबद्ध कॉलेजों से भागीदारी की उम्मीद है।