जम्मू कश्मीर के उप मुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह ने बुधवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ कई मुद्दों खासकर लोगों के विकास से संबंधित और 80 हजार करोड़ के प्रधानमंत्री पैकेज के तहत राज्य के समग्र विकास के लिए किए गए प्रयासों पर चर्चा की।
उप मुख्यमंत्री ने वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य और राज्य सरकार द्वारा शांति और विकास के लिए शुरू किए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीएम पैकेज से रियासत में जमीनी स्तर पर बदलाव की बयार बहेगी।
उनके साथ भाजपा की जम्मू कश्मीर की राज्य उपाध्यक्ष ममता सिंह भी थीं। ज्ञात हो कि मंगलवार को उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी और राष्ट्रीय महासचिव रामलाल से भी मुलाकात की थी।