जम्मू कश्मीर में आतंकियों ने एक बार फिर से सुरक्षाबलों को निशाना बना कर हमला किया है। आतंकियों ने बांदीपोरा जिले के हाजिन इलाके में वीरवार रात करीब 2 बजे सेना की 13 आरआर को निशाना बना कर फायरिंग की।
हालांकि अपने बचाव में जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए कई राउंड फायर किए। रात के अंधेरे में कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी जारी थी। लेकिन बाद में आतंकी चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गए।
सुरक्षाबलों ने आतंकियों की तलाश में पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन भी चलाया लेकिन आतंकियों का कुछ पता नहीं चल सका। गौरतलब है कि रमजान भर जवानों को आंतकियों पर कार्रवाई करने से रोका गया है। लेकिन अपनी आत्मरक्षा में उन्हें कार्रवाई करने की खुली छूट है।
गौरतलब है कि आतंकियों ने वीरवार शाम ही श्रीनगर के डल गेट के निकट बने एक होटल की गार्ड पोस्ट पर हमला कर वहां तैनात पुलिसकर्मियों से तीन बंदूके छीन कर फरार हो गए। इस वारदात के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया और तलाशी अभियान जारी कर दिया था।
इस घटना का जिम्मेदारी आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन ने ली है। संगठन की ओर से घटना के कुछ देर बाद ही तीनों बंदूकों की तस्वीर को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। दो इंसास और एक एसएलआर राइफल्स इस तस्वीर मे साफ नजर आ रही है।