कसाब के सात साल बाद जिंदा पकड़े गए आतंकी कासिम उर्फ उस्मान उर्फ नावेद से जानकारियां उगलवाने के लिए तमाम जांच एजेंसियों के आला अफसर जम्मू पहुंच गए हैं। कासिम एनआईए के हवाले है। एनआईए की टीम आईजी संजीव कुमार के नेतृत्व में रियासत में डेरा डाले हुए है।
एनआईए की टीम द्वारा मुठभेड़ स्थल का भी दौरा किया गया। आतंकी कासिम को उन सभी स्थानों पर ले जाया जाएगा जहां रुकने और जहां से भारतीय क्षेत्र में उसके द्वारा घुसपैठ करने की उसके द्वारा पूछताछ में जानकारी दी गई है।
वीरवार को एनआईए टीम नावेद को लेकर जम्मू स्थित टाइगर डिवीजन पहुंची। जहां से देर शाम उसे श्रीनगर ले जाया गया। कश्मीर में उन ठिकानों की पड़ताल की जाएगी, जहां घुसपैठ के बाद उसने पनाह ली। वह अपने बयान कई बार बदल चुका है।