पठानकोट स्थित वायुसेना के एयर बेस में आतंकी हमले की जांच के लिए एनआईए के डायरेक्टर जनरल शरद कुमार और अन्य उच्च अधिकारी पठानकोट पहुंच गए हैं। सभी अधिकारी विमान से सुबह जम्मू पहुंचे और यहां से सड़क मार्ग से पठानकोट रवाना हो गए।
इससे पहले एनआईए प्रमुख ने राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि एनआईए का जम्मू कार्यालय जल्द काम करना शुरू कर देगा।
उधमपुर आतंकी हमले की जांच कर रही एनआईए की टीम पहले ही पठानकोट में डेरा डाले हुए है। आशंका है कि आतंकी कठुआ क्षेत्र से घुसे थे और उनका संबंध पाकिस्तान के आतंकी संगठनों से है।
इसलिए पांच माह से रियासत में कार्यरत एनआईए के एसपी अतुल गोयल को पहले ही पठानकोट भेज दिया गया था। आशंका है कि हमलावरों में कश्मीर आधारित कुछ लश्कर के आतंकी शामिल हों।
एनआईए प्रमुख शरद कुमार सुबह दिल्ली से जम्मू आने वाली पहली फ्लाइट से पहुंचे। पठानकोट रवाना होने से पहले उन्होंने राजभवन में राज्यपाल एनएन वोहरा से मुलाकात की।
राज्यपाल से अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा के अरनिया, कठुआ, सांबा, दीनानगर, उधमपुर और पठानकोट में हुए आधा दर्जन आतंकी हमलों पर विस्तार से बातचीत की। साथ ही हमलों को रोकने के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर भी चर्चा की।