दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में अमरनाथ यात्रियों पर हुए आतंकी हमले की जांच को राष्ट्रीय जांच एजेंसी एनआईए को सौंपा जा सकता है। इस बाबत संकेत देते हुए पीएमओ में केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने श्रीनगर में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मंगलवार को इस बाबत एक उच्च स्तरीय बैठक में फैसला किया जाएगा कि मामले की जांच एनआईए को सौंपी जाएगी या नहीं।
सिंह ने कहा कि हम आज देर शाम सुरक्षा से जुड़े विषयों पर बैठक करने जा रहे हैं और इस बैठक में जो भी निष्कर्ष निकलेगा उसे सभी के सामने रखा जाएगा।श्रीनगर में पत्रकारों से बात करते हुए जितेंद्र सिंह ने कहा कि अमरनाथ यात्रा कश्मीर की संस्कृति का प्रतीक है और यात्रियों पर हमले की साजिश करने वाले आकाओं ने खुद ही राज्य के लोगों के सामने अपना पर्दाफाश किया है।
सिंह ने कहा कि अमरनाथ यात्रा कश्मीर की संस्कृति का प्रतीक है और ये सबसे अनोखा उदाहरण है जहां एक समुदाय के लोग तीर्थयात्री बनकर आते हैं और दूसरे समुदाय के लोग उनका स्वागत करते हैं। सिंह ने कहा कि कश्मीर को अपनी इस परंपरा पर गर्व है।