आरएसएस के उत्तरी भारत के संघ प्रचारक नरेंद्र कुमार ने कहा कि कश्मीरी पंडितों को वापस कश्मीर में बसाने को लेकर अलगाववादी एक बार फिर से पाकिस्तान सीमा पर सक्रिय हो रहे हैं।
वह विरोध कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं ताकि हिंदुओं को वहां न बसाया जा सके। इसके लिए वहां की राज्य सरकार और केंद्र सरकार को नीति बनानी चाहिए। इस विरोध को जब तक सख्ती से नहीं कुचलेंगे, तब तक यह खत्म नहीं होगा।
शनिवार को वह यहां मॉडल टाउन स्थित हिंदू स्कूल में चल रहे पांच प्रांतों के 20 दिवसीय प्रथम वर्ष संघ शिक्षा वर्ग में भाग लेने आए थे। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि आरएसएस गलत गतिविधियों में शामिल नहीं होता है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यदि देश के प्रधानमंत्री आरएसएस के एजेंडे पर चल रहे हैं तो इसमें कुछ गलत नहीं, लेकिन, यह कहना उचित नहीं है कि आरएसएस सरकार चला रही है। संघ प्रचारक ने कहा कि संघ के पदाधिकारी केवल मशविरा देते हैं न कि निर्णय लेते हैं।