शेरे कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में चल रहे इंटरनेशनल बायर-सेलर मीट में विदेशी व्यापारियों के उत्साह से खूब डालर बरस रहे हैं।
श्रीनगर में इन दिनों विदेशी व्यापारियों की बहार है। शेरे कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में चल रहे इंटरनेशनल बायर-सेलर मीट में विदेशी व्यापारियों के उत्साह से खूब डालर बरस रहे हैं। पहले दो दिनों में विदेशी व्यापारियों ने सात लाख डालर (लगभग चार करोड़ 46 लाख रुपये) का माल बुक करवाया।
‘कश्मीर एक्सपो’ के अगले दो दिनों में कारोबार बढ़ने के आसार हैं। मीट में अमेरिका, इंग्लैंड, जर्मनी, फ्रांस, तुर्की, इंडोनेशिया सहित 21 देशों के व्यापारी शिरकत कर रहे हैं।
विदेशी व्यापारियों के उत्साह को देखते हुए मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने कहा कि विदेशी व्यापारियों के उत्साह को देखते हुए सरकार जल्द ही विशाल स्तर पर हस्तशिल्प और औद्योगिक उत्पादों की प्रदर्शनी लगाने की योजना बना रही है। इसमें देश के अलावा विदेशोें के व्यापारियों को आमंत्रित किया जाएगा।
कश्मीर चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रेसीडेंट शेख आशिक अहमद ने एक्सपो को कामयाब बताते हुए कहा कि कई विदेशी व्यापारियों ने नए सैंपल की मांग की है और उम्मीद है कि आने वाले दिनों में विदेशों से अन्य आर्डर मिलने की संभावना है।