भाजपा के लिए सरकार गठन की दिशा में पीडीपी की पहल का इंतजार लंबा होता जा रहा हैं। आठ जनवरी से रियासत में राज्यपाल शासन लागू होने के बाद से भाजपा चर्चा के लिए पीडीपी की पहल की बेसब्री से प्रतीक्षा कर रही हैं। हालांकि पीडीपी अभी तक सरकार गठन पर लगातार चुपी साधे हुए हैं।
पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भाजपा चाहती हैं कि गठबंधन पर चर्चा के लिए पीडीपी पहल करें। महबूबा मुफ्ती को मुख्यमंत्री बनाने पर भी भाजपा सहमत हो चुकी हैं। इसके बावजूद पीडीपी ने फिलहाल अपने पत्ते नहीं खोले हैं।
पीडीपी की कोर ग्रुप की बैठक में महबूबा मुफ्ती को पार्टी की भविष्य की रणनीति तय करने का अधिकार दिये जाने के बाद उम्मीद बनी थी कि अब जल्द ही भाजपा से चर्चा का दौर शुरू होगा लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।
पीडीपी के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पार्टी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने अब 31 जनवरी को श्रीनगर और तीन फरवरी को जम्मू में पार्टी नेताओं की बैठक बुलाई हैं ताकि फीड बैक के अलावा सियासी परिदृश्य पर चर्चा हो सकें। इस बैठक पर अब सियासी दलों की निगाहें टिकी हुई हैं।