नई भर्ती नीति में के लिए कैबिनेट सब कमेटी (सीएससी) की सिफारिशों की भाजयुमो ने सराहना करते हुए इसे सही दिशा में उठाया गया कदम बताया है। भाजपा मुख्यालय में शनिवार को पत्रकार वार्ता में भाजयुमो के प्रदेशाध्यक्ष डा. सुरेश अजय मगोत्रा ने कहा कि उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह की अध्यक्षता में कैबिनेट सब कमेटी ने जनता की मांगों को ध्यान में रखते हुए अपनी सिफारिश सरकार से कर दी है।
उन्होंने कहा कि सिफारिशों में एडहाक और कांट्रैक्चुअल आधार पर होने वाली नियुक्तियों में आरक्षण अधिनियम को शामिल करने के अलावा गजटेड और नान गजटेड पदों पर चयन प्रक्रिया में पब्लिक सर्विस कमीशन और एसएसआरबी को शामिल करने और एलओसी और आरबीए वर्ग में आवेदन करने वालों को सात साल तक ऐसे क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देने का प्रावधान रखा गया है।
मगोत्रा ने कहा कि नई भर्ती नीति में सात साल का कार्यकाल कम कर नियमित होने के कार्यकाल को पांच साल का किया गया है। उन्होंने विपक्षी दलों कांग्रेस और नेकां पर आरोप लगाया कि उसकी गठबंधन सरकार के समय जो भर्ती नीति आई थी, उससे कहीं बेहतर भर्ती नीति पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार ने तैयार की है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वह विपक्षी दलों की साजिश का शिकार न बनें और गुमराह न हों।
कैबिनेट सब कमेटी की नई सिफारिशों के बाद अब जो भर्ती नीति बनेगी, वह युवाओं के हित में होगी। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि भाजयुमो ऐसे लोगों को सम्मानित करेगी, जो कि लोगों तक योग पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर भाजयुमो के प्रदेश सचिव राहुल शर्मा, प्रताप सिंह, राहुल वेद भी मौजूद रहे।