इन दिनों वैष्णो देवी के लिए चलने वाली हेलीकाप्टर सेवा लगातार प्रभावित चल रही है। बुधवार को भी दोपहर बाद हेलीकाप्टर सेवा को त्रिकुटा पहाडि़यों पर धुंध होने के कारण रोकना पड़ा। पिछले दो हफ्तों से एक भी दिन ऐसा नहीं गुजरा, जब पुरा दिन हेलीकाप्टर उड़ान भर सके हों।
पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी अनुसार बुधवार देर शाम तक अठारह हजार यात्री पंजीकरण करवाने के बाद दर्शन को जा चुके थे, जबकि, कक्ष बंद होने में अभी समय शेष था।
सुबह तड़के मौसम साफ होने पर हेलीकाप्टर की उड़ानों का सिलसिला शुरू हुआ। लेकिन, 11 बजे के करीब त्रिकुटा पहाडि़यों पर धुंध छाने से हेलीकाप्टरों की उड़ान को रोकना पड़ा।
ऐसे में बड़ी संख्या में यात्रियों को घोड़े अथवा पालकी का सहारा लेने को मजबूर होना पड़ा। हेलीकाप्टर सेवा के प्रभावित होने से सबसे अधिक असर उन यात्रियों पर हो रहा है, जो आनलाइन बुकिंग करवा चुके हैं। गौरतलब है कि बरसात के दिनों में ऐसे हालात अक्सर पैदा होते हैं।