बारिश से राहत के बाद पारे ने फिर जोर पकड़ लिया है। जम्मू में शनिवार को पारा चालीस डिग्री के करीब पहुंच गया। तपिश से सड़कें फिर सूनी पड़ गई हैं। बाजारों से रौनक गायब होने लगी है। लू के थपेड़ों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटों में भी मौसम साफ रहने से गर्मी के साथ उमस बढ़ेगी। इस बीच गुलमर्ग न्यूनतम 6.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे सर्द रहा।
जम्मू में शनिवार सुबह से ही गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया था। दोपहर तक तपिश बढ़ने से इंसानों के साथ जीवजंतु भी बेहाल थे। पुराने शहर की कई खस्ताहाल सड़कें भीषण गर्मी में राहगीरों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। गर्मी के बीच बिजली की अघोषित कटौती आग में घी डालने का काम कर रही है। जम्मू में शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस रहा। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में भी गर्मी ने जोर पकड़ लिया है। यहां रात्रि में ही यात्री मां के दरबार के लिए प्रस्थान कर रहे हैं। कटड़ा में दिन का अधिकतम तापमान 34.5 और न्यूनतम 22.1 डिग्री सेल्सियस रहा। श्री अमरनाथ गुफा के बेस कैंप पहलगाम में मौसम सुहावना और ठंडा बना हुआ है। यहां दिन का अधिकतम तापमान 23.8 और न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
विश्व विख्यात स्कीइंग पर्यटक स्थल गुलमर्ग में दिन का अधिकतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रियासत की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 28.9 और न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस रहा। लेह में भी मौसम ठंडा बना हुआ है। यहां दिन का अधिकतम तापमान 22.3 और न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस रहा।