अंतर कालेज हाकी टूर्नामेंट में महिला वर्ग और पुरुष वर्ग के खिलाडि़यों के बीच कांटे की टक्कर रही। सोमवार को अंतर कालेज हाकी टूर्नामेंट के तहत के के हाकु स्टेडियम में महिला और पुरुष वर्ग के मैच करवाए गए। महिला वर्ग में पुंछ के गवर्नमेंट डिग्री कालेज की खिलाडि़यों ने कड़ी टक्कर के बाद पीजी विभाग की महिला खिलाडि़यों को पछाड़कर अंतर कालेज महिला हाकी का टूर्नामेंट जीत लिया।
मैच में गवर्नमेंट डिग्री कालेज की मीनाक्षी खजूरिया ने 41 मिनट में पहला गोल किया, जबकि रुबीना कौसर ने 56 मिनट के अंतर्गत दूसरा गोल दागकर टूर्नामेंट अपने नाम किया। पुरुष वर्ग में एमबीएस कालेज के खिलाडि़यों ने कांटे की टक्कर में कठुआ डिग्री कालेज के खिलाडि़यों को 2-0 गोल से हराकर का टूर्नामेंट जीता।
एमबीएस कालेज के जगनदीप सिंह ने 17 मिनट में पहला गोल दागा जबकि कालेज के ही अन्य खिलाड़ी नवलीन सिंह ने 42 मिनट में दूसरा गोल डालकर मैच को अपने नाम किया। मैच के समाप्ति के बाद खिलाडि़यों के बीच पुरस्कार वितरित किए गए। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित हुए अकेडिमक अफेयर्स की डीन प्रो. नीलम सर्राफ, वाइस चांसलर प्रो. एमपीएस इशर ने खिलाडि़यों को पुरस्कार बांटे।