विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय और उत्तर भारत स्तर की तीन खेल चैंपियनशिप की तैयारियां शुरू हो गई हैं। विवि जम्मू के जिम्नेजियम हाल में चार हावा कोर्ट पर नार्थ जोन बैडमिंटन चैंपियनशिप करवाई जाएगी। जिम्नेजियम हाल में विनायल फ्लोरिंग करने का भी प्रस्ताव है। इसके अलावा आल इंडिया अंतर जोन हैंडबाल के लिए अतिरिक्त कोर्ट तैयार किए जाएंगे। इसके लिए मैदान को तैयार कर लिया गया है।
यह पहला मौका है जब विवि में एक साथ तीन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी की जा रही है। विवि जम्मू में एसोसिएशन आफ इंडियन यूनिवर्सिटी (एआईयू) की ओर से 27 से 31 अक्तूबर को नार्थ जोन बैडमिंटन (पुरुष और महिला), 7 से 13 नवंबर को नार्थ जोन बैडमिंटन (पुरुष और महिला) और 16 से 19 नवंबर को आल इंडिया अंतर जोन हैंडबाल (पुरुष व महिला) चैंपियनशिप करवाया जाना प्रस्तावित है।
विवि के शारीरिक शिक्षा विभाग के निदेशक प्रो. ध्यान सिंह भाऊ के अनुसार हैंडबाल प्रतियोगिता के लिए मैदान को तैयार किया जा रहा है। इसमें पवेलियन के सामने दो, बाईं तरफ एक और क्रास हाकी ग्राउंड में एक कोर्ट तैयार किया जाएगा। बैडमिंटन के लिए विभाग के पास दो हावा कोर्ट हैं और दो जालंधर से मंगवाए जा रहे हैं। इसमें तीन पर मुकाबले और एक पर प्रैक्टिस की जाएगी।
इन कोर्टों को जिम्नेजियम हाल में अस्थायी तौर पर स्थापित करके चैंपियनशिप करवाई जाएगी। इसके अलावा राज्य पुलिस और जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल को भी कोर्ट के लिए लिखा गया है। उल्लेखनीय है कि विवि जम्मू राष्ट्रीय स्तर की अंतर विश्वविद्यालय टेबल टेनिस, ट्वंटी-20 क्रिकेट, फेंसिंग आदि चैंपियनशिप का आयोजन कर चुका है।