जम्मू-कश्मीर में बाढ़ से हुई तबाही के बाद विधानसभा चुनाव पर बनी भ्रम की स्थिति से पर्दा इसी महीने भारतीय चुनाव आयोग उठा देगा। सात अक्तूबर से दो दिवसीय दौरे पर उप मुख्य चुनाव अधिकारी विनोद जुत्शी की अगुवाई में टीम रियासत के दौरे पर पहुंच रही है।
इस टीम के दौरे के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त वीएस संपत की अध्यक्षता में टीम राज्य का दौरा करेगी और चुनाव पर बनी भ्रम की स्थिति से पर्दा उठाएगी। आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सात अक्तूबर को उप मुख्य चुनाव आयुक्त विनोद जुत्शी दो दिवसीय दौरे पर जम्मू में पहुंचेंगे।
चुनावी तैयारियों का जाजया लिया जाएगा
पहले दिन वह चुनाव अधिकारियों से बैठक कर विधानसभा चुनाव की तैयारी का जायजा लेंगे।
आठ अक्तूबर को जुत्शी रियासत के सभी बाइस जिलों के जिला उपायुक्तों, जो कि जिला निर्वाचन अधिकारी होते हैं, से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से चुनाव की तैयारियों की जानकारी लेंगे।
आठ अक्तूबर को ही उप मुख्य चुनाव आयुक्त रियासत के सियासी दलों के नेताओं से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव को लेकर उनकी इच्छा जानेंगे।
वीएस संपत को सौंपी जाएगी रिपोर्ट
उप मुख्य चुनाव आयुक्त अपनी रिपोर्ट मुख्य चुनाव आयुक्त वीएस संपत को सौपेंगे। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त की अगुवाई में टीम रियासत का दौरा कर चुनाव पर आखिरी फैसला लेगी।
जम्मू कश्मीर के उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी रछपाल सिंह का कहना है कि उप मुख्य चुनाव आयुक्त विनोद जुत्शी का दौरा सात और आठ अक्तूबर को होगा।
वह वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिला निर्वाचन अधिकारियों और सियासी दलों के नेताओं से चुनाव की तैयारी पर चर्चा करेंगे।
15 को आएगी पहली मतदाता सूची
जम्मू कश्मीर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से पंद्रह अक्तूबर को पहली मतदाता सूची जारी करने की तैयारी चल रही है।
उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी रछपाल सिंह का कहना है कि रियासत में बाढ़ के बाद बने हालात की वजह से पहली अक्तूबर को मतदाता सूचियों की पहली लिस्ट को जारी नहीं किया जा सका। उसे अब 15 अक्तूबर को जारी किया जाएगा।