रविवार को रेलमंत्री सुरेश प्रभु मुंबई से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जम्मू तवी-हरिद्वार साप्ताहिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करने जा रहे हैं।
जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर इसको लेकर विशेष तौर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें लोकसभा सांसद जुगल किशोर शर्मा और राज्यसभा सांसद शमशेर सिंह के साथ विधानसभा स्पीकर कविंद्र गुप्ता भी मौजूद रहेंगे।
तीन जनवरी 2016 को रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने अपने जम्मू दौरे के दौरान जम्मू से हरिद्वार के लिए नई ट्रेन चलाने का आश्वासन दिया था। जम्मूवासी रेल बजट में इसकी घोषणा को लेकर आस लगाए बैठे, लेकिन रेल बजट में जब इसका कोई जिक्र नहीं हुआ तो लोग काफी मायूस हुए थे। लेकिन अब रेलमंत्री ने 14605/14606 जम्मू तवी-हरिद्वार नई ट्रेन को मंजूरी दे दी है।
यह ट्रेन 14 अगस्त को जम्मू तवी रेलवे स्टेशन से सुबह साढ़े 11 बजे रवाना होगी और इसको रेल मंत्री सुरेश प्रभु मुंबई से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हरी झंडी दिखाकर देकर रवाना करेंगे। इसको लेकर रेलवे की तरफ से रेलवे स्टेशन पर जम्मू पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में लोकसभा, राज्यसभा सांसद, विधानसभा स्पीकर के साथ कई रेलवे अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।