रेलमंत्री सुरेश प्रभु और सीएम महबूबा मुफ्ती ने वीरवार को श्रीनगर में बनिहाल-बारामुला रेल ट्रैक पर बने पांच रेलवे हॉल्टों का औपचारिक उद्घाटन किया। रेल मंत्रालय द्वारा मुख्यमंत्री के सुझाव पर इस रास्ते पर ट्रेनों के लिए और हाल्टों की घोषणा की गई थी। इन पांच हॉल्टों में रजवान (सनूर, कलिपोरा), नैदगाम, रत्नीपोरा, मूंगहाल और संगदान शामिल हैं।
लोगों की सहूलियत और आवागमन को ध्यान में रखते हुए पिछले दिनों इन हाल्टों के लिए महबूबा द्वारा रेलवे को सुझाव दिया गया था। इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए महबूबा ने कहा कि इन हाल्टों की मांग काफी समय से की जाती रही थी जिसे पूरा किया गया है।
उन्होंने कहा कि इन रेलवे हॉल्टों से न सिर्फ लोगों की आवाजाही में सहूलियत होगी बल्कि इन इलाकों में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकेगा। इस दौरान महबूबा ने इस उद्घाटन के लिए रेलमंत्री को धन्यवाद भी दिया। महबूबा ने कहा कि रेलवे राज्य में हैंडीक्रॉफ्ट और पर्यटन के विकास में भागीदार है।
इस दौरान महबूबा ने रेलमंत्री से कटरा से बनिहाल तक के ट्रैक के काम को जल्द पूरा कराने की मांग की जिससे कि कश्मीर को सारे देश से जोड़ा जा सके। महबूबा ने कहा कि इससे न सिर्फ जगहों को जोड़ा जा सकेगा बल्कि लोगों के बीच भावनात्मक दूरियां भी कम हो सकेंगी। इस दौरान महबूबा ने नैना-बाटापोरा में भी रेलवे हॉल्ट की स्थापना की मांग की। महबूबा ने रेलमंत्री से आग्रह किया कि कश्मीरी पकवानों को रेलवे के मीनू में शामिल किया जाए।
शीशे की छत वाली ट्रेनों की शुरूआत
रेलमंत्री सुरेश प्रभु
- फोटो : File Photo
इसके साथ ही रेलवे के स्टेशनों और कंज्यूमर पोर्टलों को माध्यम से राज्य की कला को बढ़ावा देने के भी प्रयास किए जाएं। लोगों को संबोधित करते हुए रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने कहा कि रेल मंत्रालय राज्य की कला, पर्यटन और खानपान के बढ़ावे को देश के मुख्यधारा के बाजारों तक पहुंचाने के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
प्रभु ने कहा कि ये रेलवे हाल्ट उनकी तरफ से कश्मीर के लोगों को ईदी की तरह दिए जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार को कश्मीर में रेलवे के विकास की दिशा में मदद देने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि रेल मंत्रालय द्वारा कश्मीर में अर्थिक विकास और कनेक्टीविटी बढ़ाने की दिशा में रेलवे की ओर से कई प्रोजेक्ट अभी पाइपलाइन में हैं। रेलमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से राज्य के आर्थिक विकास को बल मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि जल्द ही बनिहाल-बारामुला रेल ट्रैक पर शीशे की छत वाली ट्रेनों की शुरूआत की जाएगी जिसके माध्यम से पर्यटक कश्मीर की खूबसूरती देख सकेंगे। इस दौरान रेलमंत्री ने कहा कि आईआरसीटीसी से माध्यम से कश्मीरी खानपान को मीनू में शामिल करने की दिशा में काम किया जाएगा साथ ही कश्मीरी कला से जुड़ी चीजों को देश भर के स्टेशनों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। इस दौरान जम्मू कश्मीर के उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह समेत सरकार के कई अन्य मंत्री और सांसद मौजूद रहे।
विस्टाडोम ट्रेनों की होगी शुरूआत
रेल मंत्री सुरेश प्रभु
- फोटो : Amar Ujala
कश्मीरी पर्यटकों को घाटी के खास अनुभव देेने की दिशा में रेलमंत्री सुरेश प्रभु द्वारा घाटी में विस्टाडोम ट्रेनों की शुरूआत की घोषणा की गई। खास बात ये कि इन ट्रेनों में पर्यटकों को कश्मीर की खास वाजवान डिश परोसी जाएगी। रेलमंत्री ने बताया कि रेल कोच फैक्टरी को इस विशेष ट्रेन के लिए कोच बनाने के ऑर्डर दे दिए गए हैं।
रेलमंत्री ने राज्यपाल एनएन वोहरा से वीरवार को राजभवन में मुलाकात की। लेह-मनाली रेल लिंक का उद्घाटन करने के बाद श्रीनगर के दौरे पर पहुंचे प्रभु ने राज्यपाल से घाटी में रेल के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की। इस दौरान राज्यपाल ने रेलमंत्री से कटरा-बनिहाल रेल ट्रैक के महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि इसे बिना किसी देरी के पूरा किया जाना जरूरी है।