सचिवालय में कामकाज शुरू होने के दूसरे दिन मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने प्रशासनिक सचिवों को विकास परियोजनाओं को त्वरित गति से निपटाने के निर्देश दिए। कहा कि कश्मीर हिंसा की वजह से समय बर्बाद होने के चलते विकास कार्यों को समय पर पूरा करना चुनौती है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अफसरों से सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को गोलाबारी से बचाने के लिए अलग-अलग बंकरों तथा सामुदायिक बंकरों के निर्माण के लिए अलग योजना पर काम करने को कहा। बैठक में सीएम ने विकास परियोजनाओं को पूरा करने में तेजी लाने, व्यक्तिगत रूप से इसकी निगरानी करने के निर्देश दिए।
कई परियोजनाओं के भूमि अधिग्रहण, मुकदमों तथा अन्य वजहों से लटक जाने पर चिंता जताते हुए इन बाधाओं को दूर करने को कहा। प्रधानमंत्री विकास कार्यक्रम के तहत शुरू किए जाने वाली परियोजनाओं के लिए डीपीआर तैयार करने में तेजी लाने की भी हिदायत दी।
पारदर्शी फाइल ट्रैकिंग प्रणाली अपनाने की सलाह
Mehbooba Mufti
- फोटो : Amar Ujala
महबूबा ने सर्दियों का ख्याल रखते हुए लद्दाख, मारवाह तथा वाडवन जैसेे दूरदराज के क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं के भंडारण का ब्योरा मांगा। कश्मीर घाटी में कम बिजली कटौती करने की हिदायत दी। साथ ही अस्पतालों में हीटिंग सिस्टम में वृद्धि करने को कहा।
बैठक में उन्होंने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के क्रियान्वयन में देरी से बचने के लिए पारदर्शी फाइल ट्रैकिंग प्रणाली अपनाने की सलाह दी। कार्यालयों में बायोमीट्रिक उपस्थिति की स्थिति और आधार कार्ड की समीक्षा कर कर्मचारियों तथा परिवारों को आधार के तहत नामांकित किए जाने को कहा।
साथ ही स्कूलों में भी आधार नामांकन पूरा करने को कहा। महबूबा ने निर्देश दिए कि जम्मू और श्रीनगर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर भी काम किया जाए। कर्मचारियों के कल्याण और सुविधाओं, एम्स, गुर्जर समुदाय के उत्पीड़न, यातायात व्यवस्था तथा नशे की बढ़ती लत पर भी उचित कदम उठाने को कहा।