जम्मू। प्रदेश में पहली बार प्रदेश सरकार की ओर से गरीबों को काले चने मुफ्त मुहैया करवाए जाएंगे। डिपो में चने की खेप आगामी दो दिनों में भेज दी जाएगी।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के सूत्रों के अनुसार डिपो के माध्यम से काले चने वितरित होने से गरीबों को राहत मिलेगी। उन्हें बाजार से चने महंगे दामों में नहीं खरीदने पड़ेंगे। लॉकडाउन के कारण गरीब परिवारों को पहले मुफ्त आटा और चावल वितरण करने की कवायद शुरू हुई थी। अब काले चने बांटे जाएंगे। यह सुविधा केवल पीएचएच और आईआरडीपी के लोगों को मिलेगी। प्रदेेशभर में चार लाख गरीब परिवारों को इस योजना के तहत कवर किया जाएगा। गरीब की सूची में ऐसे लोगों को रखा गया है। जिनकी हर माह आय छह हजार रुपये से कम है।
गरीब लोगों को डिपो से काले चने भी वितरित किए जाएंगे। इसके लिए औपचारिकताओं को पूरा कर लिया गया है। प्रति परिवार एक किलो चने दिए जाएंगे। लॉकडाउन के दौरान इन परिवारों को राहत मिल सकेगी।
-जितेंद्र सिंह, निदेशक, खाद्य, आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग