रियासत के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच वार्ता प्रक्रिया को पटरी से उतारने के लिए कई प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की चुनौतियों को विफल करने की लिए वार्ता को ‘इन्सुलेट’ बनाने की जरूरत है। जम्मू-कश्मीर बातचीत की प्रक्रिया में हमेशा से एक पार्टी है। उमर ने मोदी सरकार से राज्य के साथ भी वार्ता शुरू करने का आग्रह किया।
श्रीनगर में पिछले वर्ष बाढ़ के दौरान क्षतिग्रस्त हुए पार्टी के पुनर्निर्मित मुख्यालय का उद्घाटन करते हुए नेशनल कांफ्रेंस के कार्यकारी अध्यक्ष उमर ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि हमें दोनों देशों के बीच की वार्ता को ‘इन्सुलेट’ करने की आवश्यकता है, क्योंकि इस प्रक्रिया को पटरी से उतारने के लिए कई प्रयास किए जाएंगे।
हमें हर हाल में ऐसे प्रयासों को विफल बनाना होगा। यह महत्व नहीं रखता है कि बातचीत कहां हो रही है, लेकिन सराहनीय बात यह है कि आखिरकार बातचीत की प्रक्रिया दोनों देशों के बीच शुरू हो गई। यह देख कर उन्हें काफी अच्छा लगा।