भाजपा ने नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार पर जनता से धोखाधड़ी और 'लॉलीपॉप राजनीति' करने का आरोप लगाया, जिसमें बिजली, एलपीजी और रोजगार जैसे वादे महज दिखावा बताए गए। पार्टी ने उमर अब्दुल्ला और उपमुख्यमंत्री पर भी तीखा तंज कसते हुए सरकार की नाकामियों और लंबित फाइलों को लेकर सवाल उठाए।
नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार लॉलीपॉप, बहाने व नाकामियों की सरकार है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बडगाम विधानसभा सीट जीतने के तुरंत बाद छोड़ दी व जनता को नेता रहित छोड़ दिया। उन्होंने अपनी कश्मीरी टोपी तक छोड़ दी जिसे केवल राजनीतिक लाभ के लिए धारण किया था।
विज्ञापन
शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय में प्रेस वार्ता में यह बातें प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अभिजीत सिंह जसरोटिया ने कहीं। जसरोटिया ने उपमुख्यमंत्री पर भी तंज कसा और कहा कि उनकी काली चश्मे वाली आदत यह दर्शाती है कि वे केवल अंधेरा देखते हैं, विकास को नहीं।
कहा, एनसी सरकार ने अपने चुनावी वादों, बिजली, एलपीजी, रोजगार और कल्याण योजनाओं को केवल लॉलीपॉप साबित किया। यह धोखाधड़ी वाली राजनीति शेख अब्दुल्ला से शुरू हुई जिन्होंने पहले पाकिस्तान बनाने का वादा किया और फिर जेल गए।
विज्ञापन
हाल में बाढ़ के समय भी सरकार केवल हेलिकॉप्टर से सर्वे करती रही जबकि जनता पीड़ित ही बनी रही। प्रवक्ता परिमोक्ष सेठ ने कहा कि महाधिवक्ता की नियुक्ति, स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष और अभियंताओं के प्रमोशन की फाइलें सीएम कार्यालय में पड़ी हैं।
जम्मू प्रांत की सड़कें भी खराब हैं, लेकिन सीएम केवल बहाने बना रहे हैं। प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. प्रदीप महोत्रा ने सभी लंबित फाइलों पर तुरंत कार्रवाई की मांग की और जनता से कहा कि वे एनसी की धोखाधड़ी, अहंकार और ध्यान भटकाने वाली राजनीति को समझें।