पिछले छह दिन से लापता नेवी के ड्राइवर के परिवार वालों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप करने की मांग की है। जम्मू के चट्ठा इलाका निवासी 24 वर्षीय गुरजीत सिंह ने पांच साल पहने नेवी में ज्वाइन किया था। उसे तारपीडो रिकवरी वेसेल (टीआरवी) ए-72 में तैनात किया गया था।
छह नवंबर को विशाखापत्तनम के तट पर नियमित अभ्यास के बाद से ही वह लापता है। लापता ड्राइवर के पिता राजिंदर सिंह ने कहा कि अपने पांच साल के कैरियर में उनके बेटे ने कई जानें बचाईं। पिछले छह दिनों से वे उसकी कुशल क्षेम के लिए परेशान हैं। हमें अपने बेटे के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही है।
नेवी के अनुसार छह नवंबर को अभ्यास के दौरान उसके चार सेलर लापता हो गए। बताया जाता है कि बोर्ड पर उपस्थित 29 सेलरों में से 24 को बचा लिया गया था। एक का शव मिला था, जबकि चार अभी भी लापता हैं।
राजिंदर सिंह के अनुसार एक दिन पहले उनके बेटे ने फोन कर सूचित किया था कि अभ्यास के बाद वह छुट्टी पर घर आएगा और बहन की शादी तय करेगा। इसके बाद दुर्भाग्यपूर्ण खबर आई कि जिस पोत पर वह तैनात था, वह डूब गया है और उनका बेटा तब से ही लापता है।
गुरजीत की मां मोहिंदर कौर ने उम्मीद जताई कि उनका बेटा जल्द वापस लौट आएगा। सूचना मिलने के बाद से गुरजीत के घर पर रिश्तेदारों और उनके करीबियों का जमघट लगा हुआ है। परिवार वालों ने प्रधानमंत्री से अपील की है कि उनके बेटे की खोज करवाई जाए।