जिला उपायुक्त सिमरनदीप सिंह ने सोमवार को नवरात्र और दशहरा के प्रबंध करने के लिए तैयारियों का जायजा लिया। विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की और उन्हें बेहतर इंतजार करने को कहा है। यही नहीं, उन्होंने छड़ी यात्रा और शोभा यात्रा के लिए भी प्रबंध करने को कहा है।
डीसी ने सभी उच्चाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हर साल की तरह इस बार भी इंतजाम बेहतर किए जाएंगे, सुरक्षा से लेकर हरेक प्रकार का कड़ा इंतजाम किया जाएगा। श्रद्धालुओं को इन धार्मिक आयोजनों के दौरान किसी प्रकार की दिक्कतें नहीं आनी चाहिए।
उन्होंने फायर एंड इमरजेंसी सर्विस विभाग को एमए स्टेडियम और बाहु फोर्ट में 24 घंटे तैयार रहने की हिदायतें दी हैं। टूरिज्म विभाग को पूरे शहर में होर्डिंग और बैनर लगाने को कहा है। यह काम जल्द किया जाएगा।
नगर निगम को यात्रा के रूट पर साफ -सफाई में कोई कमी नहीं आने देने को कहा है। 12 अक्तूबर से एमए स्टेडियम और परेड ग्राउंड में दो टॉयलेट मोबाइल वैन रखने के निर्देश दिए हैं।
पीडीडी विभाग को फेस्टिवल शुरू होने से पहले बिजली खंभों आदि की मरम्मत कर लेने के हिदायतें दी हैं। दशहरा फेस्टिवल के लिए बैरिकेडिंग, सिक्योरिटी, हेल्थकेयर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम और परेड ग्राउंड में स्टेज की व्यवस्था करने को कहा है।