आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में रियासत की जेलों में बंद कुछ कैदियों को पूछताछ के लिए नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) प्रोडक्शन वारंट पर लेने की तैयारी कर रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बीएसएफ काफिले पर हमले के दौरान जिंदा पकड़े गए पाकिस्तानी आतंकी मोहम्मद नावेद याकूब ने एनआईए को पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं।
इसी कड़ी में कुछ ऐसे लोगों के नाम सामने आए हैं, जो वर्तमान में रियासत की जेलों में बंद हैं। बताया जाता है कि इन लोगों से पूछताछ के लिए उन्हें प्रोडक्शन वारंट में लेकर उन स्थानों पर ले जाया जा सकता है, जहां घुसपैठ के बाद नावेद और उसके साथियों ने पनाह ली थी। इनके संबंध उन लोगों के साथ भी हैं, जिन्होंने आतंकियों को आर्थिक और अन्य तरह से मदद की।