जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) का अभियान जारी है। रविवार सुबह एनआईए ने उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में चार जगहों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। बता दें टेरर फंडिग के मामले में एनआईए लगातार जम्मू-कश्मीर में व्यापारियों के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
गौरतलब हो इससे पहले आतंकवादियों के मददगारों पर शिकंजा कसतेे हुए एनआईए ने बुधवार को श्रीनगर और बडगाम जिले में चार जगह छापा मारा था। श्रीनगर के राजबाग इलाके में बख्तियार मजीद मल्ला और बडगाम जिले में जहूर अहमद शेख, बशीर अहमद शेख और मोहम्मद अफजल मीर के घर पर छापा मारा गया।
वहीं मंगलवार को भी एनआईए द्वारा क्रॉस एलओसी ट्रेड मामले में श्रीनगर और पुलवामा में छह जगह कार्रवाई की गई थी। इस दौरान दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट जब्त किए गए थे। छापामारी की जद में आए लोग स्थानीय युवाओं को प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा में शामिल कर विध्वंसक गतिविधियां अंजाम देने के लिए उकसाते थे।
अलगाववादियों के इशारे पर इन युवाओं को वैध दस्तावेज उपलब्ध कराकर पाकिस्तान की यात्रा कराई जाती थी, जहां इन्हें आतंकवादी ट्रेनिंग दी जाती है। इसी सिलसिले में घाटी में एनआईए की छापेमारी लगातार जारी है।