आतंकी हमले के कारण शनिवार को बारह घंटे तक नेशनल हाईवे बंद रहा। लखनपुर से लेकर जम्मू तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप रही। सुबह छह बजे हाईवे बंद की थी, जो कि शाम पौने छह बजे जाकर खुला।
इस बीच लोगों को खासी परेशानियों से गुजरना पड़ा है। सैकड़ों विद्यार्थी जालंधर, पंजाब की एक यूनिवर्सिटी में होने वाली एलआईसी की परीक्षा देने से वंचित रह गए। परीक्षा का समय 11 बजे था, इसलिए समय पर पहुंचने बहुत मुश्किल था।
परीक्षार्थी कई घंटों तक इंतजार करने के बाद घर लौटने को मजबूर हो गए। जम्मू एंड कश्मीर स्टेट रोडवेज ट्रांसपोर्ट की एक दर्जन के करीब बसें वापस लौर्ट आईं। इनमें दिल्ली की बस में परीक्षार्थी भी सवार थे। इसी तरह से पंजाब रोडवेज की भी करीब दो दर्जन बसें नहीं जा सकी। इनमें दिल्ली, चंडीगढ़, अमृतसर की बसें शामिल थीं।
अधिकतर दूसरे राज्य को जाने वाली बसों को नुकसान उठाना पड़ा है। जेकेएसआरटीसी के आपरेशन मैनेजर बस स्टैंड नरेश भसीन के मुताबिक पहली बस 4:40 बजे अमृतसर, उसके कुछ मिनट बाद दिल्ली और फिर चंडीगढ़ की बसें रवाना की गईं। यह तो लखनपुर क्रास कर गई थीं, लेकिन 6:35 के बाद बसें रवाना नहीं हो पाईं।
बाद के समय में रवाना हुईं बसें दिल्ली, चंडीगढ़, अमृतसर रवाना होनी थीं, लेकिन इन्हें कुंजवानी, सपवाल, चीची माता मंदिर और विजयपुर में रोक दिया गया। इन बसों में करीब तीन दर्जन विद्यार्थी जालंधर में एलआईसी की परीक्षा देने के लिए जा रहे थे, जो नहीं जा सके। काफी इंतजार करने के बाद बसों को वापस बुला लिया गया।