राज्यसभा चुनाव में हुई थी क्रॉस वोटिंग
राज्यसभा चुनाव से पहले भाजपा को रोकने के लिए एनसी ने सभी दलों के साथ गठबंधन कर लिया था। इस गठबंधन में धुर विरोधी पीडीपी भी शामिल थी लेकिन मतदान के दौरान चार विधायकों ने क्रॉस वोटिंग कर दी तो अलग-अलग सीटों पर दो विधायकों के वोट रद्द हो गए। नेशनल कॉन्फ्रेंस ने क्रॉस वोटिंग की जांच की बात कही थी, लेकिन बाद में इसके आरोप पीडीपी पर मढ़ दिए गए।
वेंटिलेटर पर नेशनल कॉन्फ्रेंस, कैबिनेट में विस्तार से टूट जाएगी पार्टी : सुनील शर्मा
श्रीनगर। नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने शनिवार को कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) वेंटिलेटर पर है। कैबिनेट विस्तार से पार्टी में फूट पड़ सकती है। वरिष्ठ भाजपा नेता ने दावा किया कि एनसी कैबिनेट में थोड़ा सा भी विस्तार करती है तो पार्टी दो हिस्सों में बंट जाएगी। नेकां के भीतर यह बीमारी इतनी गहरी हो चुकी है कि उनके पास इसका कोई इलाज नहीं है। नेकां ने जिन लोगों को भाजपा के खिलाफ बोलने का काम सौंपा है, वहीं नेकां के आंतरिक स्वास्थ्य को खराब करने के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने नेकां मुख्यालय नवाए-ए-सुबह में हाल के विरोध-प्रदर्शनों को इस गहरे होते संकट से जोड़ा। उन्होंने कहा कि वहां जो कुछ भी हुआ वह उन लोगों की वजह से हुआ जिन्हें हमारे खिलाफ बोलने का काम सौंपा गया है।
हम पहले पूर्ण राज्य लेंगे फिर मंत्रिमंडल : कांग्रेस
जम्मू-कश्मीर कांग्रेस के प्रवक्ता रविंदर शर्मा ने कहा, पार्टी मंत्रिमंडल में तब तक शामिल नहीं होगी, जब तक जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा न मिल जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सीधी लड़ाई भाजपा के साथ है और इसका लगातार विरोध जारी रहेगा। कहा, उपराज्यपाल की शक्तियां और बढ़ाना तानाशाही की ओर पहल की निशानी है। भविष्य में इसका असर प्रदेश के लोगों पर पड़ेगा।