नंदपुर, रणजीतपुर, जेरड़ा कोटली, खौड़ में बड़ी संख्या में मौजूद लावारिस कुत्तों ने आतंक मचा रखा है। इससे लोगों को खतरा बन गया है। पिछले दो दिनों में कुत्तों ने भेड़ पालक बोधराज, प्रकाश चंद, पवन कुमार और कमल की 16 भेड़ों को निशाना बना डाला है। वहीं नंदपुर के बच्चन लाल के बछडे़ को भी कुत्तों ने नहीं बख्शा।
प्रकाश चंद ने बताया कि रात में कुत्ते हमला बोलते हैं। रणजीतपुर के लंबरदार धर्म सिंह ने बताया कि मुझे भी कुत्तों ने घेर लिया था। किस्मत अच्छी थी कि मैं बच गया। उन्होंने बताया कि कुत्ते अकेला देखकर घेर लेते हैं। कभी भी हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने के लिए कदम उठाए जाएं।