जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर नगरोटा में 31 जनवरी को हुए हमले की जांच कर रही पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। इस दौरान पकड़े गए तीन ओजीडब्ल्यू से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने पुलवामा जिले से जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर जाहिद शेख के भाई शोएब मंजूरी को गिरफ्तार किया है।
सूत्रों का कहना है कि पुलवामा जिले के करीमाबाद में छापा मारकर पुलिस ने शोएब मंजूर को गिरफ्तार किया है। बताते हैं कि वह घुसपैठ कर आने वाले पाकिस्तानी आतंकियों को रिसीव करने के साथ-साथ उनके ठहरने तथा खाने का इंतजाम करता था।
बताते हैं कि नगरोटा हमले में पकड़े गए समीर अहमद डार ने शोएब का नाम लिया था। शोएब सक्रिय ओजीडब्ल्यू है। उसने पिछले साल दिसंबर में तीन पाकिस्तानी आतंकी अपने घर ठहराए थे। पुलिस शोएब से पूछताछ कर अन्य जानकारियां जुटा रही हैं।