जम्मू। नगरोटा में आईआईएम के निकट रविवार रात हुए सड़क हादसे में घायल दीपक वर्मा और कुलदीप शर्मा का जीएमसी में उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है। मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. वीरेंद्र त्रिशाल ने बताया कि शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं। टीम नियमित निगरानी कर रही है।
आईआईएम के निकट हुए हादसे में कार सवार हरियाणा के तीन युवकों की मौत हो चुकी है जबकि दीपक वर्मा और कुलदीप शर्मा गंभीर रूप से घायल हैं। सभी लद्दाख से घूमकर हरियाणा जा रहे थे। इसी दौरान कार की बस से टक्कर हो गई थी। दीपक वर्मा स्कूल में कार्यरत हैं जबकि कुलदीप शर्मा बिजली उपकरण बनाने वाली कंपनी में काम करते हैं। हादसे के बाद दोनों को जीएमसी जम्मू में भर्ती कराया गया था।