जम्मू। शहर में पानी की किल्लत अब नगर निगम दूर करेगा। जलशक्ति विभाग के चार से ज्यादा डिवीजन नगर निगम में मर्ज किए गए हैं। पहले लोगों को समस्या हल करवाने के लिए जलशक्ति विभाग के कार्यालयों में बार-बार चक्कर काटने पड़ते थे। अब नगर निगम अपने स्तर पर समस्या हल करेगा। लोग पार्षदों के माध्यम से भी समस्या को रख सकेंगे।
विभाग के बड़े प्रोजेक्टों पर जनरल हाउस की बैठक में प्रस्ताव पारित हो सकेंगे। इससे पहले लोगों को नए कनेक्शन लेने या फिर पाइप लाइन बिछाने के लिए लंबा समय लग जाता था। इसके बावजूद काम कभी बजट तो कभी अन्य कारणों से रुक जाता था। अब काम करवाने में आने वाली समस्याओं का निदान हाउस की बैठक में किया जा सकेगा। शहर में नरवाल, बठिंडी, सुंजवां, मुट्ठी समेत अन्य इलाकों से पानी की किल्लत दूर हो सकेगी। शहर में सालों पुरानी पाइप लाइन को बदलने पर भी काम शुरू हो पाएगा। अभी तक बजट के अभाव से इस प्रोजेक्ट पर काम रुका पड़ा है। जनरल हाउस की बैठक में पार्षद भी जलशक्ति विभाग में समय पर काम न होने पर सवाल उठा चुके हैं। वार्डों में चल रही कई योजनाओं पर भी काम हो सकेगा। अब स्टाफ सहित तमाम कार्य शहरी निकायों को सौंपा गया है।