जम्मू। नगर निगम के जनरल हाउस में शनिवार को 30 प्रस्ताव रखे गए। इनमें 20 को पास कर दिया गया है, जबकि 10 पर सहमति नहीं बन पाई।
डिप्टी मेयर पूर्णिमा शर्मा ने नगर निगम के साथ जुड़े विभागों के लिए डीपीसी कमेटी बनाने पर प्रस्ताव रखा। मेयर चंद्र मोहन गुप्ता ने सबकी सहमति पर इसे पास कर दिया। डीपीसी कमेटी के जरिये कर्मचारियों की लंबित मांगों को हल किया जाएगा। जलशक्ति विभाग के अस्थायी कर्मी भी नगर निगम से डीपीसी तैयार करने की मांग कर रहे हैं। मौजूदा समय में इस विभाग की चार विंग नगर निगम से जुड़ी हैं, लेकिन डीपीसी नहीं बन पाई है। कमेटी की सिफारिशों पर डीपीसी तैयार की जाएगी। शहर के देवी चंद पार्क रिहाड़ी कॉलोनी में अंडर ग्राउंड पार्किंग बनाने पर लाए गए प्रस्ताव को हरी झंडी दी गई है। मौजूदा समय में वाहन पार्क करने में काफी दिक्कतें आ रही हैं।
--------
पार्षदों ने रखे ये प्रस्ताव
- वार्ड-3 के पार्षद नरोत्तम शर्मा ने आयुष भारत प्रधानमंत्री जन अरोग्य योजना का लाभ लेने में कार्रवाई को सरल बनाने पर प्रस्ताव रखा। इसे भी मंजूरी मिली है। पार्षद ने कहा कि यूटी में चार पेज का फॉर्मेट भरवाया जा रहा है, जबकि अन्य जगहों में एक ही पेज का है। इसे सरल किया जाए। योजना के
लाभ के लिए एक ही पेज के फॉर्मेट को अनुमति दी जाए।
- पार्षद त्रिपता देवी ने वार्ड-75 में प्रधानमंत्री आयुष केमिस्ट शॉप खोलने का प्रस्ताव लाया। इसे भी मंजूरी मिल गई है।
- पार्षद प्रमोद कपाही ने हाल ही में नगर निगम में जुड़े जलशक्ति विभाग के बिल में हर साल होने वाली 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी को वापस लेने पर प्रस्ताव को हरी झंडी दी गई है। इससे लोगों को राहत मिलेगी। हर साल पानी भरने की एवज में अतिरिक्त राशि का भुगतान किया जा रहा था।
- पार्षद गुरमीत कौर ने शहर में सड़कों किनारे अतिक्रमण हटाने पर प्रस्ताव लाया। इस पर कहा गया कि नगर निगम कार्रवाई कर रहा है। पार्षद इंद्रजीत कौर ने गंग्याल से मीट की दुकानों में एंट्री को बंद करने और पीछे से एंट्री देने को कहा, इस पर कहा गया कि इस पर कार्रवाई की जाएगी।
- पार्षद रेखा मन्हास ने लावारिश पशुओं के लिए एंटी टाइम मील बॉक्स (एटीएम) स्थापित करने के प्रस्ताव को भी हरी झंडी मिली है। इससे लावारिश पशुओं और कुत्तों को जरूरत के हिसाब से आहार मिलता रहेगा। यह एटीएम सड़कों और मोहल्लों में स्थापित किए जाएंगे।
- पार्षद अमित गुप्ता ने नई शराब की दुकानें शहरवासियों को ही देने का प्रस्ताव लाया। इससे पर कहा गया कि इस पर देखा जाएगा।
- पार्षद गौरव चोपड़ा ने स्मार्ट सिटी लिमिटेड प्रोजेक्ट के तहत लगाए जा रहे साइन बोर्ड हिंदी और डोगरी में लिखने का प्रस्ताव रखा। कहा कि इससे लोगों को लाभ मिलेगा।