जम्मू। शहर में दुकानों के बाहर पीली पट्टी खींचकर हद तय की जाएगी। इसके बाहर सामान सजाने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई की जाएगी। रात को सड़क किनारे या खुले में कचरा फेंकने वालों को जुर्माना किया जाएगा। इस पर नजर रखने के लिए टीम बनाई गई है। यह फैसले वीरवार को मेयर चंद्र मोहन गुप्ता ने कार्यकारी कमेटी की बैठक में लिए। इस दौरान सड़कों और फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने पर भी जोर दिया गया।
मेयर ने कहा कि नगर निगम के सुचारु कामकाज के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और आम जनता की शिकायतें हल की जाएंगी। उन्होंने निगम की टीम को जनता के मुद्दों को प्राथमिकता से हल करनेे के लिए कहा। फ्लोरिकल्चर विंग को मजबूत करने के निर्देश दिए। अधिकारी अपने क्षेत्र में पार्कों के रखरखाव के लिए विभिन्न कदम उठाए। अधिकारियों ने बताया कि इसके लिए पहले से ही कमेटियां गठित हैं। हर कमेटी संबंधित वार्ड के पार्षद की अध्यक्षता में काम कर रही है।