जम्मू। नगर निगम में मर्ज की गईं जलशक्ति विभाग की चार विंग अप्रैल से निगम के अंडर काम करना शुरू कर देंगी। इसके लिए विभाग ने स्टाफ और मशीनरी के स्थानांतरित करने की तैयारी कर ली है। अब परियोजनाओं का बजट भी सीधे नगर निगम को मिलेगा। जेएमसी शहर की समस्याओं को ध्यान में रखकर अपना प्लान तैयार करेगा।
नगर निगम के अनुसार इस बार बजट मिलेगा, उसके बाद नई योजनाओं पर काम शुरू करवाया जाएगा। पहले शहर में जलशक्ति विभाग की ओर से काम करवाए गए हैं। अब नगर निगम योजनाबद्ध तरीके से काम करवाएगा। इससे शहरवासियों को राहत मिलेगी।
---------
कई परियोजनाओं का
काम रुका पड़ा है
हाल ही में जलशक्ति विभाग से चार विंगों को अलग करने के निर्देश जारी हुए हैं। ऐसे में विभाग ने शहर में कई परियोजनाओं पर काम बंद कर दिया था। हालत यह है कि पुराने शहर में टूटे पाइप भी नहीं जोड़े जा रहे। इसके पीछे अधिकारी बजट न होने का हवाला दे रहे हैं।
-------
पुराने पाइप बदलने के
साथ मिलेंगे कनेक्शन
मौजूदा समय में सिद्दड़ा, बठिंडी समेत अन्य इलाकों में सैकड़ों घरों को पानी के कनेक्शन नहीं मिल पाए हैं। यहां पर भी कनेक्शन सुविधा मिलेगी। इसके अलावा पुराने शहर में पुराने पाइपों से ही पानी की आपूर्ति हो रही है। इन पाइपों को अभी तक नहीं बदला गया है। गर्मी के मौसम में लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है।
-----------
अप्रैल से जलशक्ति विभाग की चार विंग नगर निगम के अधीन काम करना शुरू कर देंगी। बजट मिलने के बाद ही परियोजनाओं पर काम शुरू हो पाएगा। लोगों की समस्याओं के अनुरूप काम करवाया जाएगा।
- सुधीर बाली, एसीआर, नगर निगम जम्मू