उधमपुर। पुराने टैक्सी स्टैंड पर फिर से अतिक्रमण हो गया है। यहां सभी जगह फड़ियां लग गई हैं और वाहनों को पार्क करने के लिए भी जगह नहीं रखी गई है। इसके कारण शहर पहुंचने वाले लोगों को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ा है। इससे यातायात भी प्रभावित हो रहा है। शहर में दिन-प्रतिदिन रेहड़ियों और फड़ियों की संख्या बढ़ रही है। जो भी स्थान खाली होता है, कुछ दिन के बाद वहां पर रेहड़ियां और फड़ियां लगी नजर आती हैं। पिछले कुछ दिनों से पुराने टैक्सी स्टैंड पर पूरी तरह से अतिक्रमण नजर आ रहा है। इससे पहले भी इस स्थान पर अतिक्रमण हुआ था लेकिन जनवरी के पहले सप्ताह में नगर परिषद की टीम ने पुलिस की मदद से इस स्थान से अतिक्रमण हटाकर इसे पूरी तरह से खाली कर दिया था। अतिक्रमण हटने के बाद बाजार में खरीदारी करने वाले लोगों के लिए वाहन खड़े करने के लिए स्थान बन गया था और लोग अपने वाहनों को पार्क कर खरीदारी कर पा रहे थे लेकिन सप्ताह से एक बार फिर यह स्थान अतिक्रमण की चपेट में आ गया है। सोमवार को भी सुबह से ही पूरे पुराने टैक्सी स्टैंड पर फड़ियां लगी नजर आ रही थीं और लोगों को वाहन पार्क करने के लिए स्थान नहीं मिलने पर वे परेशान थे। शहरवासियों का कहना था कि शहर में लगातार अतिक्रमण बढ़ रहा है और नगर परिषद सख्ती के साथ नहीं निपट पा रहा है, इसलिए बार-बार यह परेशानी सामने आ रही है।
पुराने टैक्सी स्टैंड पर अतिक्रमण करने की शिकायत पहुंची है। शहर से अतिक्रमण हटाने को लेकर एसएचओ के साथ चर्चा की गई है। जल्द ही इसको लेकर अभियान चला कर कार्रवाई की जाएगी।
-दिलीप अबरोल, सीईओ नगर परिषद