घाटी में हिंसा का केंद्र बने दक्षिण कश्मीर में कश्मीरी पंडित जोड़े की शादी में मुस्लिम और सिख समुदाय की गर्मजोशी देखते ही बनी। पुलवामा जिले के लोसवानी गांव की नीशू पंडिता और तहाब गांव के आशू टिक्कू की शादी हुई। लेकिन, विस्थापित पंडितों के परिवार में शादी का उत्साह उनके मुस्लिम और सिख पड़ोसियों की उत्साहित मौजूदगी से दुगना हो गया।
खास बात है कि शादी के ज्यादातर इंतजाम मुस्लिम और सिख समुदाय के लोगों ने करवाए। टेंट लगाने से लेकर शादी के लिए ईंधन की लकड़ी, रिश्तेदारों की आवभगत का जिम्मा उन्होंने ही संभाला। लोक गीत वानवुन के दौरान मुस्लिम महिलाओं की संख्या शादी वाले घर के रिश्तेदारों से भी अधिक थी। वहीं पुरुष सदस्यों ने घर की सफाई से लेकर दूल्हा-दुल्हन के घर को सजाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।