जम्मू। नेकां नेता त्रिलोचन सिंह की हत्या में शामिल फरार आरोपी हरप्रीत को भी जल्द पकड़ने की मांग तेज हो गई है। रविवार को गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी जम्मू और ऑल जेएंडके ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन ने उप राज्यपाल मनोज सिन्हा से केंद्र सरकार से बात कर इस मामले में तेजी लाने के साथ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
रविवार को ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने दिवंगत वजीर के घर बैठक की। मिनी बस यूनियन के अध्यक्ष विजय सिंह चिब की अध्यक्षता में हुई बैठक में बस, ट्रक, टैंकर, मेटाडोर और ऑटो रिक्शा एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सदस्यों ने इस मामले की जांच तेज करने की मांग की। जिला गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी जम्मू के सदस्यों ने कहा कि दिल्ली पुलिस मामले की जांच तो कर रही है, लेकिन इसमें और तेजी लाने की जरूरत है। आरोप लगाया कि हत्या के 15 दिन बाद भी पुलिस इस मामले की तह तक नहीं पहुंच पाई है। ब्यूरो