जम्मू। पूर्व एमएलसी टीएस वजीर हत्याकांड की जांच रंजिश के बीच उलझती जा रही है। हत्याकांड में दिल्ली क्राइम ब्रांच ने जम्मू नरवाल मंडी के प्रधान सुरेंद्र सिंह उर्फ काला को हिरासत में लिया है। क्राइम ब्रांच को सुरेंद्र सिंह के साजिश में शामिल होने का संदेह हैं।
इस मामले में अभी तक हरमीत सिंह, बलवीर सिंह और राजिंदर सिंह की गिरफ्तारी हुई है, जबकि मुख्य आरोपी हरप्रीत सिंह फरार है। सूत्रों के अनुसार नरवाल मंडी के प्रधान सुरेंद्र सिंह काला गिरफ्तार हरमीत सिंह के साथी हैं, जिनकी टीएस वजीर से रंजिश थी। बताया जा रहा है कि नरवाल मंडी में ट्रांसपोर्ट को लेकर भी सुरेंद्र सिंह काला और वजीर के बीच कोई विवाद था, जिसकी पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली पुलिस की दर्ज एफआईआर में काला का नाम भी था। इसके चलते काला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
अभी दिल्ली पुलिस ने उसकी गिरफ्तार की पुष्टि नहीं की है। दिल्ली क्राइम ब्रांच ने काला को पहले नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन जब वह दिल्ली नहीं गए तो क्राइम ब्रांच ने उसे सैनिक कॉलोनी स्थित घर से हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि काला की हरमीत सिंह से गहरी दोस्ती है। साथ ही टीएस वजीर से रंजिश है। क्योंकि काला को लगता है कि कुछ साल पहले नरवाल मंडी में उनके भांजे और भाई की हत्याकांड में वजीर का हाथ था। जिसने इस हत्याकांड को अंजाम दिया था, वह टीएस वजीर का करीबी था। दिल्ली क्राइम ब्रांच ने सोमवार को काला से काफी देर तक पूछताछ की।