जम्मू। नानक नगर के सेक्टर-13 में एटीएम सिक्योरिटी गार्ड की हत्या मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के जरिये दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों एटीएम लूटने आए थे, लेकिन गार्ड के रोकने पर लुटेरों ने उसकी हत्या कर दी। हत्यारोपियों ने पहले उसके हाथपैर बांधे और पेट में चाकू घोंपने के बाद सिर को दीवार के साथ पटककर गार्ड की हत्या कर दी। शुक्रवार को मृतक के परिजनों ने कार्रवाई के लिए न्यू प्लॉट में रोड जाम कर प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने दो हत्यारोपियों को काबू किया।
वीरवार रात करीब 10 बजे नानक नगर के सेक्टर-13 में जेके बैंक एटीएम के भीतर सिक्योरिटी गार्ड राजू शर्मा का शव मिला। एसएसपी श्रीधर पाटिल ने बताया कि बांदीपोरा के रहने वाले दो युवकों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। मोहम्मद कैफ लोन और वकास बशीर लोन नाम के दोनों युवक उत्तर कश्मीर के हैं। ये दोनों एटीएम में कैश लूटने के इरादे से घुसे थे। तभी इन लोगों ने सिक्योरिटी गार्ड को उसके कमरे में देखा और मुंह को कंबल से बांध दिया। इसके बाद उसका सिर दीवार से साथ पटका और हत्या कर फरार हो गए। हालांकि आरोपी कैश लूटने में नाकाम रहे हैं।
---------
आरोपियों ने कुछ दिन पहले
ही किराए पर लिया था घर
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपी दो महीने पहले ही जम्मू आए थे। दोनों ने नानक नगर में ही किराए पर कमरा लिया था। वे कई दिनों से एटीएम लूटने की योजना बना रहे थे।
----------
दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
सात बहनों का इकलौता भाई था राजू
परिजनों ने सड़क जाम कर लगाई इंसाफ की गुहार, परिवार के एक सदस्य को नौकरी मांगी
जम्मू।
न्यू प्लॉट के रहने वाले सिक्योरिटी गार्ड राजू शर्मा की वीरवार रात हत्या के बाद शुक्रवार सुबह परिजनों ने इंसाफ के लिए प्रदर्शन किया। परिजनों ने हत्यारोपियों को कड़ी सजा और मृतक की पत्नी या परिवार के किसी एक सदस्य को बैंक में नौकरी देने का मांग की। जानकारी के अनुसार राजू शर्मा परिवार में कमाने वाला अकेला था। वह सात बहनों का इकलौता भाई था। उसके दो बच्चे भी हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया। प्रदर्शन कर रहे परिजनों व रिश्तेदारों ने मांग की कि राजू के परिवार में से किसी एक सदस्य को बैंक में नौकरी दी जाए। धरनास्थल पर अधिकारी भी पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांग को प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा।