हत्या के आरोप में ट्रायल का सामना कर रहा आरोपी मंगलवार को जम्मू कोर्ट परिसर से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इससे कोर्ट परिसर में अफरातफरी मच गई।
पुलिस देर रात तक उसकी तलाश में छापामारी करती रही, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आरोपी को उधमपुर से लेकर कोर्ट पहुंचे एक एएसआई सहित तीन कर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि आरोपी के केस को हाईकोर्ट के आदेश पर उधमपुर से जम्मू रेफर किया गया था। जानीपुर पुलिस ने आरपीसी की धारा 223, 224 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार सात साल पहले उधमपुर चबूतरा बाजार में हत्या के आरोपी चंदेल को मंगलवार उधमपुर पुलिस पेशी के लिए जम्मू हाईकोर्ट लेकर पहुंची।
पुलिस ने नहीं लगाई थी हथकड़ी
नियमानुसार उधमपुर जिला कोर्ट में पुलिस लाइन से नफरी भेजी गई। आरोपी राहिल के साथ चार अन्य आरोपी और कुछ कैदियों को लेकर पुलिस सुबह करीब 10 बजे बस जानीपुर कोर्ट पहुंच गई।
राहिल की हथकड़ी उतार उसे अदालत में ले जाया गया, लेकिन उसके वकील के न पहुंचने पर वह बाहर लौट आए और वकील का इंतजार करने लगे। इस दौरान राहिल को हथकड़ी नहीं लगाई गई थी।
पुलिस कोर्ट परिसर में वकील का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान राहिल वहां से भाग खड़ा हुआ। पुलिस ने उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद तुरंत उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई। साथ ही रियासत की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया।
जानिए, क्या किया था राहिल ने
उधमपुर के एसएसपी सुलेमान चौधरी के अनुसार पुलिसकर्मियों की लापरवाही को देखते हुए एएसआई सहित तीन को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैँ।
राहिल पर आरोप हैं कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर संजय जंडियाल नामक युवक पर हमला किया था। इस दौरान गोलियों के अलावा तेज धारदार हथियारों से उस पर वार किया गया था।
जिससे उसकी मौत हो गई। राहिल ने संजय की रिवाल्वर छिनकर उसपर दो गोलियां चलाईं। 2009 में इस मामले की जांच चल रही थी।
कुछ समय पहले ही कोर्ट में चालान पेश हुआ था और उधमपुर जिला कोर्ट से इस केस को जम्मू कोर्ट रेफर किया गया था। मंगलवार को हाईकोर्ट में मामले की सुनवाई का अंतिम दिन था।