संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में 10.50 लाख रुपये की लागत से म्यूनिसिपल कमेटी अरनिया द्वारा शौचालय बनाया गया। उसका उद्घाटन भी कर दिया गया। लेकिन उद्घाटन के 3.5 साल बाद भी हायर सेकेंडरी स्कूल में बना शौचालय इस्तेमाल में नहीं लाया गया है। इसके चलते दिन प्रतिदिन शौचालय बदहाली में तब्दील होता जा रहा है।
दूसरी ओर रखरखाव सही ढंग से न होने के कारण चोर उचक्के शौचालय में तोड़फोड़ कर रहे हैं। वहां से नल सीट और अन्य सामान चुरा रहे हैं। शौचालय के मुख्य गेट पर ताला टूटा हुआ है, और उसके अलावा सभी खिड़कियां खुली हैं, जिससे चोर उचक्के वारदात को अंजाम दे रहे हैं। उसके अलावा शौचालय के अंदर लगाए हुए बिजली के बोर्ड तोड़ दिए गए हैं। पानी का कनेक्शन भी शौचालय को नहीं दिया गया है। स्कूल प्रशासन और म्यूनिसिपल कमेटी एक दूसरे पर प्रत्यारोप लगा रहे हैं, परंतु इन दोनों अधिकारियों की अनदेखी के चलते शौचालय दिन प्रतिदिन खंडहर में तब्दील होता जा रहा है। उसका फायदा स्कूल के बच्चे नहीं ले पा रहे हैं। गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में 257 बच्चे पढ़ने के लिए आते हैं, उसके बदले में पुराने शौचालय का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिनकी हालत काफी दयनीय है, अगर जल्द से जल्द शौचालय के रखरखाव की सुध नहीं ली गई, तो आने वाले दिनों में वहां से और भी कीमती सामान गायब हो सकता है।
हाल ही में अरनिया का अतिरिक्त कार्यभार उन्हें सौंपा गया है। उनके संज्ञान में यह मुद्दा आ गया है। तत्काल ही इस मुद्दे को हल कराया जाएगा। वैसे स्कूल प्रशासन को शौचालय को लेकर म्यूनिसिपल कमेटी के अधिकारियों से बात करनी चाहिए थी।
-जोधराज, एग्जीक्यूटिव ऑफिसर, म्यूनिसिपल कमेटी