वेयर हाउस जम्मू स्थित नगर निगम की ओर से सीज की गई दुकानों के ऊपर रहने वाले लोग फंस गए। इन्हें दूसरे दिन दमकल विभाग की गाड़ी की मदद से सीढ़ियां लगाकर बाहर निकाला गया।
नगर निगम को दुकान का किराया न देने और दुकान के दूसरे फ्लोर पर अवैध रूप से निर्माण करने को लेकर शुक्रवार नगर निगम की टीम ने दुकानों को सीज कर दिया था।
दुकान में काम करने वाले 66 वर्षीय रोशन लाल निवासी खौड़ और अजय कुमार निवासी चौकी चौरा दुकान के ऊपरी फ्लोर पर ही रहते हैं। शुक्रवार को सुबह नगर निगम की टीम ने दुकानों को जब जब्त किया तो वह दुकानों के ऊपर ही थे।
टीम ने दुकानें जब्त कर दीं और दोनों ऊपर ही रुके रहे। दोनों ने बताया कि वह दो दिन लगातार कहते रहे कि उन्हें नीचे उतारा जाए। शनिवार को दुकानदारों ने वेयर हाउस पुलिस की मदद से दमकल विभाग से संपर्क किया।
इसके बाद दमकल विभाग मौके पर पहुंची और सीढ़ियां लगाकर दोनों को नीचे उतारा। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि दुकानों को जब्त किया था, क्योंकि कई महीनों से रेंट नहीं दिया जा रहा था। दुकानों के ऊपर कोई रहता है, इसकी दुकानदारों ने कोई सूचना नहीं दी।